घरघोड़ा/रायगढ़।
घरघोड़ा क्षेत्र के लैलूंगा रोड स्थित चिपटापानी घाट में एक बार फिर तेज रफ्तार ने कहर बरपाया। घाट क्षेत्र में दोपहर लगभग 3 से 4 बजे के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में बैसकीमुड़ा निवासी दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लैलूंगा की ओर जा रहा एक ट्रक अत्यधिक गति में था। घाट के मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में घायल पत्नी के हाथ और पैर में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि पति के पैर और सीने में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। चिकित्सकों के मुताबिक पति की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायगढ़ रेफर कर दिया गया।
मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जिला जशपुर के डीएसपी (सुरक्षा/ट्रैफिक) श्री के.आर. चौहान, रक्षित निरीक्षक श्री अमरजीत खूँटे एवं पुलिस स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय रहते उपचार संभव हो सका।
दुर्घटना के बाद ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
चिपटापानी घाट में लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और घाट मार्ग पर पर्याप्त निगरानी व्यवस्था की कमी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त ट्रैफिक नियंत्रण, चेतावनी संकेत और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
