रायगढ़। सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में विष्णुदेव साय की मंशानुरूप रायगढ़ जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। जिला पंचायत द्वारा “डिजिटल जनदर्शन – डिजि मितान” का विधिवत शुभारंभ किया गया है, जिसके जरिए अब ग्रामीण और शहरी नागरिक घर बैठे ही प्रशासन से सीधे जुड़ सकेंगे।

इस नई व्यवस्था के तहत लोगों को अब छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीधे अपनी शिकायतें और सुझाव प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे ने किया।

उन्होंने आवेदकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और बताया कि इस व्यवस्था का ट्रायल पहले ही सफलतापूर्वक किया जा चुका है। सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद अब इसे नियमित रूप से लागू किया गया है।हर मंगलवार शाम 4 बजे से 4:40 बजे तक जिला पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारी एक ही मंच पर मौजूद रहेंगे।

इस दौरान नागरिक अपनी शिकायतें और सुझाव रख सकेंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य और समयबद्ध निराकरण किया जाएगा।“डिजि मितान” की खासियत यह भी है कि नागरिक YouTube, Facebook और Instagram जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी अपनी बात रख सकते हैं। शिकायतों को डिजि मितान प्लेटफॉर्म पर टैग करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे लोगों की गोपनीयता सुरक्षित रहेगी और प्रशासन तक जमीनी समस्याओं की सही जानकारी पहुंचेगी।
आज आयोजित लाइव प्रसारण में लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम को 2146 से अधिक व्यूज मिले, जबकि 331 चैट संदेश प्राप्त हुए। यह आंकड़े बताते हैं कि लोगों का इस पहल पर भरोसा बढ़ रहा है और वे प्रशासन से सीधे संवाद के लिए आगे आ रहे हैं।
रायगढ़ जिले में शुरू की गई यह पहल पूरे प्रदेश में अपनी तरह की पहली पहल मानी जा रही है। “डिजि मितान” प्रशासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु बनकर उभरेगा, जिससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।
