नवापारा टेंडा। ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों की पहुंच तक लाने की दिशा में बी.एस. स्पंज प्राइवेट लिमिटेड के CSR विंग बी.एस. फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल की। ग्राम नवापारा टेंडा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर में करीब 300 मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।




नवापारा टेंडा के साथ भेंगारी पंचायत, टेंडा पंचायत एवं देओमर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से ग्रामीण और गणमान्य नागरिक स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा मिलने से लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

शिविर में Fortis Hospital से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ सर्जरी संबंधी परामर्श, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर तथा आंखों की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक सावधानियों और उपचार संबंधी सलाह भी दी।
जरूरतमंदों को मिली निःशुल्क दवाइयां, बुजुर्गों के लिए चश्मे की व्यवस्था
शिविर में जांच के बाद चिकित्सकों की सलाह के अनुसार जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। वहीं आंखों की जांच के उपरांत आवश्यकता वाले 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के नागरिकों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
बी.एस. फाउंडेशन की इस पहल से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और जांच की सुविधा मिली, जिससे उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिली।
CSR के जरिए ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने की पहल
शिविर के दौरान बी.एस. स्पंज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से विपुल माली एवं पवन तिवारी तथा बी.एस. फाउंडेशन की ओर से तेजस्वी बिसेन उपस्थित रहे। इसके अलावा संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
बी.एस. फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि संस्था का उद्देश्य आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना है। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, जांच एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
ग्रामीणों ने की पहल की सराहना
स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने बी.एस. फाउंडेशन एवं बी.एस. स्पंज प्राइवेट लिमिटेड की इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और परामर्श मिलने से विशेष रूप से बुजुर्गों एवं जरूरतमंद परिवारों को काफी लाभ मिला है।
ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवा को लेकर उठाया गया यह कदम CSR गतिविधियों को जनसेवा से जोड़ने की एक सकारात्मक मिसाल के रूप में सामने आया।
