
संकट की घड़ी में काम आई प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना
सुकमा, 01 जूलाई 2026
जिला प्रशासन के कुशल मार्गदर्शन में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना“ सुदूर और अंतिम छोर पर बसे ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रही है।
इसी कड़ी में सुकमा जिले के सुदूर विकासखंड कोंटा के ग्राम आरलमपल्ली में एक पीड़ित परिवार को असमय दुख की घड़ी में त्वरित आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुकमा जिले के आखिरी छोर पर स्थित विकासखंड कोंटा के ग्राम आरलमपल्ली की “दुर्गा स्व-सहायता समूह“ से जुड़ी बिहान की दीदी दुधी सन्नी का बीते 08 अप्रैल 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था।
इस असमय वज्रपात से पीड़ित परिवार गहरे संकट में डूब गया था। इस संवेदनशील मामले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुंद ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन व त्वरित निर्देशानुसार बिहान योजना की पीआरपी एवं एफएलसीआरपी ने अद्वितीय तत्परता दिखाई।
संबंधित टीम द्वारा बिना किसी विलंब के मृतिका का त्वरित बीमा प्रकरण तैयार किया गया और इसे भारतीय स्टेट बैंक की दोरनापाल शाखा में प्रेषित किया गया।
एसबीआई शाखा प्रबंधक ने भी मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए सभी आवश्यक दस्तावेजीकरण की प्रक्रियाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया और क्लेम को तत्काल उच्च कार्यालय को अग्रसारित कर दिया।
प्रशासनिक और बैंक की संयुक्त मुस्तैदी का ही नतीजा रहा कि मृतिका के पति व नामिनी श्री दुधी सोमा के बैंक खाते में मात्र दो महीने के भीतर, यानी 27 मई 2026 को 2,00,000 (दो लाख रुपये) की दावा राशि सफलतापूर्वक प्राप्त हो गई।
इस राशि का आधिकारिक भुगतान नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधा नायक के कर-कमलों द्वारा चेक के माध्यम से हितग्राही को किया गया। वित्तीय सहायता राशि सही समय पर प्राप्त होने से पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में बड़ा संबल मिला है।
इस त्वरित और लोक-कल्याणकारी कार्य को गति देने में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक श्री आनंद सिंह, बिहान की पीआरपी श्रीमती रूकमणी कर्मा एवं एफएलसीआरपी कुमारी शालिनी ओडला की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
इनके संयुक्त एवं समर्पित प्रयासों से ही सुदूर वनांचल में रह रहे प्रभावित परिवार को अत्यंत तीव्र गति से आर्थिक सहायता सुलभ हो सकी है।

