132 केवी बिजली लाइन के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा ऑनलाइन अंतरित, किसानों को कार्यालयों के चक्कर से मिली राहत
घरघोड़ा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड की 132/33 केवी उपकेंद्र घरघोड़ा से एसईसीएल बरौद तक प्रस्तावित 132 केवी लाइन निर्माण के लिए प्रभावित किसानों को बड़ी राहत मिली है। घरघोड़ा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रवीण तिवारी के माध्यम से 9 गांवों के 98 किसानों के बैंक खातों में कुल ₹1,11,95,658 की क्षतिपूर्ति राशि ऑनलाइन अंतरित की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भेंड़रा के 13 किसानों को ₹8,87,248, बेहामुड़ा के 15 किसानों को ₹29,08,650, बड़ेगुमड़ा के 10 किसानों को ₹14,23,012, बहिरकेला के 5 किसानों को ₹7,70,168, कंचनपुर के 3 किसानों को ₹6,89,563, टेरम के 33 किसानों को ₹27,37,656, रूमकेरा के 2 किसानों को ₹1,04,064, पतरापाली के 6 किसानों को ₹7,25,628 तथा फगुरम के 11 किसानों को ₹9,49,669 की राशि प्रदान की गई है।
ऑनलाइन भुगतान से किसानों को मिली बड़ी राहत
क्षतिपूर्ति राशि का लंबे समय से इंतजार कर रहे किसानों के खातों में राशि पहुंचने के बाद उनमें खुशी का माहौल है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राशि सीधे बैंक खातों में ऑनलाइन अंतरित की गई, जिससे किसानों को कार्यालयों के चक्कर लगाने और भुगतान के लिए बार-बार अधिकारियों से संपर्क करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रवीण तिवारी की इस पहल से किसानों को पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध हुई है। घर बैठे बैंक खाते में राशि पहुंचने से किसानों को समय और मेहनत दोनों की बचत हुई है।
क्षतिपूर्ति की राशि मिलने से किसानों ने राहत की सांस ली है और राजस्व प्रशासन की ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था को किसानों के लिए सुविधाजनक कदम बताया जा रहा है।
