कबीरधाम। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कबीरधाम ने तकनीकी साक्ष्यों और CEIR पोर्टल की मदद से कार्रवाई करते हुए 100 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गुम हुए मोबाइल फोन की जानकारी का CEIR पोर्टल के माध्यम से विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग कर मोबाइल फोन की लोकेशन और उपयोग से संबंधित जानकारी जुटाई गई। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से 100 मोबाइल फोन बरामद किए।
सभी बरामद मोबाइल फोन का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने कबीरधाम पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दर्ज कराएं। साथ ही मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें और CEIR पोर्टल (ceir.gov.in) के माध्यम से गुम मोबाइल को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाएं।

पुलिस की अपील: मोबाइल खरीदते समय उसका बिल एवं IMEI नंबर जरूर सुरक्षित रखें, ताकि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में उसकी पहचान और बरामदगी में मदद मिल सके।

