
पंडरिया। नगर पालिका परिषद पंडरिया के वार्ड क्रमांक 17 में एसएलआरएम सेंटर से सुलभ शौचालय तक निर्माणाधीन सीसी सड़क के कार्य का नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, इंजीनियर सहित पार्षदगणों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर आपत्ति सामने आई।
नगर पालिका द्वारा ठेकेदार मां नर्मदा कंस्ट्रक्शन, पंडरिया को जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि उक्त सीसी रोड निर्माण कार्य निकाय को सूचना दिए बिना प्रारंभ किया गया था। निर्माण में गुणवत्ता विहीन सामग्री का उपयोग किए जाने तथा कार्य निर्धारित मानकों एवं अनुबंध की शर्तों के अनुरूप नहीं किए जाने की बात पत्र में कही गई है।
मामले को लेकर नगर पालिका परिषद के सदस्यों द्वारा मौके पर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने ठेकेदार को तत्काल निर्माण कार्य बंद करने, उपयोग की गई गुणवत्ता विहीन सामग्री को हटाने तथा पुनरीक्षित प्राक्कलन तैयार होने के बाद ही दोबारा निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों का पालन नहीं किए जाने की स्थिति में होने वाली कार्रवाई के लिए संबंधित ठेकेदार स्वयं जिम्मेदार होगा। पत्र की प्रतिलिपि विधानसभा पंडरिया के विधायक के निज सहायक तथा नगर पालिका परिषद के उप अभियंता को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ भेजी गई है।
बताया जा रहा है कि मौके पर निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, इंजीनियर एवं वार्ड सहित अन्य पार्षदगण मौजूद रहे। अब देखना होगा कि निरीक्षण के बाद निर्माण कार्य में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का कितना पालन किया जाता है।
