
कबीरधाम। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मझगांव में घर से चोरी हुए 12.50 लाख रुपये के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर 2026 को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुसकर 12.50 लाख रुपये चोरी कर ले गया। घटना के समय परिवार के सदस्यों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते देखा था, जिसने चेहरे को गमछे से ढक रखा था।
छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी कमलेश पटेल, पिता भागवत पटेल, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम मझगांव ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन गणेश चतुर्थी होने के कारण गांव के अधिकांश लोग गणेश पंडाल में व्यस्त थे।
आरोपी शाम करीब 5:30 बजे अपने पुराने मकान में पहुंचा और अंधेरा होने का इंतजार किया। उसका पुराना मकान और प्रार्थी का मकान आपस में जुड़े हुए हैं तथा छत के रास्ते दोनों मकानों के बीच आवाजाही संभव थी। अंधेरा होने के बाद आरोपी पुराने मकान की छत से प्रार्थी के मकान की छत पर पहुंचा और वहां से कमरे में दाखिल हो गया।
आरोपी ने कमरे में लगे बल्ब को निकालकर अलग रख दिया और इसके बाद आलमारी खोलकर रकम तलाशने लगा। दराज में रुपये नहीं मिलने पर उसने लॉकर खोला, जिसमें 500, 200 और 100 रुपये के नोटों के बंडल तथा पर्स रखा हुआ था। आरोपी ने रकम को अपने गमछे में बांधा और पुराने मकान में ले गया।
कार्टून में छिपाई चोरी की रकम

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम को पुराने मकान की दूसरी मंजिल के कमरे में ले जाकर कार्टून में रखा गया और छज्जे में छिपा दिया गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वहां से बड़ी मात्रा में चोरी की रकम बरामद की पुलिस ने मामले में चोरी की रकम में से ₹11,53,000 बरामद किए हैं। चोरी की रकम छिपाने में आरोपी के पिता की भूमिका भी सामने आने पर पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार किया है तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी जानकारी का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके साथ ही पुलिस ने मैदानी स्तर पर लगातार पतासाजी करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।प्रकरण में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 415/2026, धारा 305(ए), 331(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
