घरघोड़ा। क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने को लेकर शिक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यालयीन व्यवस्थाओं और शिक्षा के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष श्री सहनु राम पैंकरा एवं जनपद उपाध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल ने की। जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव एवं विचार रखे। इस दौरान विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में शिक्षा विभाग की ओर से BEO श्री शशिधर निषाद, BRC श्री संतोष निषाद सहित सभी CAC उपस्थित रहे। शिक्षा समिति के सदस्यों ने भी शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग और विद्यालय स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलकर निरंतर प्रयास करना होगा।
बैठक के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की दिशा में सामूहिक प्रयास जारी रखने और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया।
