रायपुर। भारतीय बौद्ध महासभा रायपुर जिला एवं युवा इकाई के तत्वावधान में डॉ. राजेंद्र नगर स्थित पंचशील बुद्ध विहार में अनागारिक धम्मपाल जी एवं ई.वी. रामासामी पेरियार जी की जयंती श्रद्धा और वैचारिक जागरूकता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में भारतीय बौद्ध महासभा के प्रदेश महासचिव बेनीराम गायकवाड, रायपुर जिला अध्यक्ष विजय गजघाटे, जिला महासचिव अजय शेंद्रे सहित युवा इकाई के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। पंचशील बुद्ध विहार के उपासक-उपासिकाओं, युवाओं, युवतियों एवं महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
आमंत्रित वक्ताओं ने अनागारिक धम्मपाल एवं ई.वी. रामासामी पेरियार के जीवन संघर्ष, विचारधारा और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों ने समाज में जागरूकता, शिक्षा, समानता और सामाजिक परिवर्तन के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने अपने अनुभव भी साझा किए।
युवाओं और महिलाओं ने रखे विचार
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि युवाओं एवं महिलाओं ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने विचार और सुझाव रखे। वक्ताओं ने युवाओं से सामाजिक एवं वैचारिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा महापुरुषों के विचारों को समाज की नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बुद्ध विहार को भेंट की गई महापुरुषों की तस्वीरें
कार्यक्रम के समापन अवसर पर भारतीय बौद्ध महासभा रायपुर युवा इकाई की ओर से अनागारिक धम्मपाल जी एवं ई.वी. रामासामी पेरियार जी की तस्वीरें पंचशील बुद्ध विहार को भेंट की गईं। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की और युवाओं को इसी तरह सामाजिक, शैक्षणिक एवं वैचारिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं उपस्थित साथियों के प्रति भारतीय बौद्ध महासभा की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया गया।
