
पंडरिया। नया आधार कार्ड बनवाने पहुंचे एक आवेदक को जनपद पंचायत पंडरिया स्थित आधार पंजीयन केंद्र से कथित तौर पर यह कहते हुए लौटा दिया गया कि जन्म प्रमाण पत्र में हिंदी में नाम दर्ज नहीं है। इसके बाद आवेदक ने दूसरे आधार पंजीयन केंद्र का रुख किया, जहां उसके दस्तावेजों के आधार पर आधार पंजीयन की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई। इस पूरे मामले ने जनपद पंचायत पंडरिया स्थित आधार पंजीयन केंद्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आवेदक के अनुसार, वह नए आधार कार्ड के पंजीयन के लिए जनपद पंचायत पंडरिया स्थित आधार केंद्र पहुंचा था। वहां दस्तावेज देखने के बाद केंद्र संचालक द्वारा जन्म प्रमाण पत्र में हिंदी में नाम दर्ज नहीं होने की बात कहते हुए प्रक्रिया करने से इनकार कर दिया गया। आवेदक का आरोप है कि उसे केंद्र से वापस भेज दिया गया।
इसके बाद वह दूसरे आधार पंजीयन केंद्र पहुंचा। वहां उसके दस्तावेजों की जांच करने के बाद नए आधार पंजीयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई तथा पंजीयन की रसीद/एक्नॉलेजमेंट भी जारी किया गया। उपलब्ध दस्तावेज में आवेदक का नाम Avir Singh Gayakwad दर्ज है तथा जन्मतिथि 05/01/2023 दर्शाई गई है।
एक ही दस्तावेज के आधार पर एक केंद्र द्वारा प्रक्रिया से इनकार और दूसरे केंद्र द्वारा प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने से आवेदक के मन में सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर दोनों केंद्रों में अलग-अलग नियम क्यों अपनाए गए?
नियम स्पष्ट करने की मांग
आवेदक ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि क्या जन्म प्रमाण पत्र में हिंदी में नाम दर्ज होना नए आधार पंजीयन के लिए अनिवार्य है? यदि ऐसा कोई नियम है तो सभी आधार पंजीयन केंद्रों पर इसकी जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जानी चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
वहीं, यदि ऐसा कोई अनिवार्य प्रावधान नहीं है तो जनपद पंचायत पंडरिया स्थित आधार पंजीयन केंद्र द्वारा आवेदक को प्रक्रिया से वंचित किए जाने की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
हिंदी में नाम नहीं होने का हवाला देकर आधार बनाने से किया इनकार, दूसरे केंद्र ने स्वीकार किया आवेदन
Bhokochand.com एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है , इस पोर्टल पर छत्तीसगढ़ सहित देश विदेश की ताज़ा खबरों को प्रकाशित किया जाता है|
Leave a comment
