घरघोड़ा। नगर पंचायत घरघोड़ा के वार्ड क्रमांक 5 में अब रात का अंधेरा बीते दिनों की बात हो गई है। वार्ड पार्षद अनिल लकड़ा की पहल से वार्ड के सभी बिजली खंभों पर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो गई है।
लंबे समय से वार्डवासियों की मांग थी कि रात के समय अंधेरे के कारण आवागमन में परेशानी होती है और सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी रहती हैं। स्ट्रीट लाइट लगने के बाद अब लोगों को रात में आने-जाने में सुविधा मिलेगी, वहीं दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।
पार्षद अनिल लकड़ा ने कहा कि वार्ड के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वार्ड के सभी बिजली खंभों पर लाइट लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है और आगे भी जनहित के अन्य विकास कार्य लगातार किए जाएंगे।
वार्डवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि स्ट्रीट लाइट लगने से पूरे मोहल्ले की तस्वीर बदल गई है। उन्होंने पार्षद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह विकास कार्य जारी रहेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोशनी केवल सुविधा ही नहीं, बल्कि सुरक्षा और बेहतर जीवन का भी प्रतीक है। वार्ड क्रमांक 5 में यह पहल नगर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
