घरघोड़ा। जमीन पर वर्षों से बसे ग्रामीणों के लिए शुक्रवार का दिन सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा का दिन बन गया। सांसद राधेश्याम राठिया के गृह ग्राम छर्राटांगर में आयोजित स्वामित्व योजना के पट्टा वितरण समारोह में घरघोड़ा के 117 और तमनार के 73 सहित कुल 190 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए।




पट्टा हाथ में आते ही हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। जिन जमीनों पर परिवार वर्षों से रह रहे थे, अब उनके हाथ में उस संपत्ति का विधिवत दस्तावेज था। ग्रामीणों ने इसे अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

घरघोड़ा के 49 और तमनार के 24 गांवों में हजारों परिवारों को लाभ
कार्यक्रम में बताया गया कि स्वामित्व योजना के तहत घरघोड़ा क्षेत्र के 49 गांवों में 6580 तथा तमनार क्षेत्र के 24 गांवों में 1711 हितग्राहियों को स्वामित्व पट्टा वितरित किया जा रहा है। अन्य गांवों में भी पट्टा निर्माण की प्रक्रिया जारी है।
अधिकार अभिलेख मिलने से ग्रामीणों को अपनी संपत्ति पर कानूनी अधिकार मजबूत करने के साथ शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में भी सहूलियत मिलेगी।

दीप प्रज्वलन से शुरुआत, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद राधेश्याम राठिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। एकलव्य विद्यालय छर्राटांगर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों के ‘स्वागतम्-स्वागतम् स्वागत’ गीत और मनमोहक लोकनृत्य ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।

अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, हितग्राही एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
“भूमि का अधिकार सिर्फ कागज नहीं, सम्मान और सुरक्षा का आधार”
मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीणों के जीवन में बदलाव लाने वाली महत्वपूर्ण योजना है। अधिकार अभिलेख मिलने से ग्रामीणों का अपनी भूमि पर कानूनी अधिकार मजबूत होगा और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार ग्रामीणों को सशक्त बनाने और उन्हें उनके अधिकार दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। भूमि का अधिकार महज एक कागज नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवार के सम्मान, सुरक्षा और भविष्य का आधार है।

पट्टा हाथ में आया तो खिल उठे चेहरे
समारोह में जब हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख सौंपे गए तो माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण हो गया। वर्षों से जिस जमीन पर परिवार रह रहे थे, उसका सरकारी दस्तावेज हाथ में आने की खुशी उनके चेहरों पर साफ दिखाई दी।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य घरघोड़ा मुरलीधर, जिला पंचायत सदस्य रमेश बेहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेश पंडा, भाजपा जिला महामंत्री जतिन साव, नगर पंचायत अध्यक्ष खरसिया कमल गर्ग, जनपद अध्यक्ष घरघोड़ा सहनू पैंकरा, जनपद अध्यक्ष तमनार जागेश सिदार, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचस्थ रहे।
वहीं घरघोड़ा एसडीएम प्रवीण तिवारी, घरघोड़ा एवं तमनार के तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वामित्व योजना के उद्देश्य, प्रक्रिया और हितग्राहियों को मिलने वाले अधिकारों की जानकारी दी।
छर्राटांगर में बांटे गए 190 पट्टे भले ही संख्या में सीमित नजर आएं, लेकिन जिन परिवारों के हाथों में ये दस्तावेज पहुंचे, उनके लिए यह कागज नहीं बल्कि वर्षों के इंतजार के बाद मिला अधिकार और सुरक्षित भविष्य की नई उम्मीद है।
