रायगढ़/घरघोड़ा, 7 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2020 एवं 2024 बैच के अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के बाद घरघोड़ा अनुविभाग को भी नया अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) (SDM) मिला है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार श्री क्षितिज गुरभेले, भा.प्र.से. (2024) को उनकी वर्तमान पदस्थापना सहायक कलेक्टर, कोरबा से स्थानांतरित करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के पद पर पदस्थ किया गया है।
घरघोड़ा के लिए अहम प्रशासनिक बदलाव
घरघोड़ा क्षेत्र में लंबे समय से राजस्व एवं प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण मामले सामने आते रहे हैं। क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, पुनर्वास, कोयला परियोजनाओं से जुड़े मामले, राजस्व प्रकरण, सीमांकन, नामांतरण सहित आम लोगों की शिकायतें लगातार प्रशासन के सामने आती हैं।
ऐसे में युवा आईएएस अधिकारी की एसडीएम के रूप में पदस्थापना को क्षेत्र के प्रशासनिक कामकाज के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर औद्योगिक एवं खनन गतिविधियों से प्रभावित ग्रामीणों के मामलों में एसडीएम कार्यालय की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहती है।
21 अगस्त के बाद संभालेंगे नई जिम्मेदारी
शासन के आदेश में उल्लेख है कि संबंधित अधिकारियों को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में फेस-टू-फेस प्रशिक्षण के बाद 21 अगस्त 2026 को कार्यमुक्त होने के पश्चात आदेश में दर्शाए गए नवीन पद पर पदस्थ किया जाएगा।
यानी 21 अगस्त के बाद क्षितिज गुरभेले घरघोड़ा एसडीएम के रूप में जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
5 अधिकारियों की नई पदस्थापना
शासन के आदेश के अनुसार—
फंडर अनिकेत अशोक — अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर
अरविंद कुमार टी. — अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बलौदाबाजार, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा
अक्षय दोशी — अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव
क्षितिज गुरपले — अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), घरघोड़ा, जिला रायगढ़
विपिन दुबे — अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कटघोरा, जिला कोरबा
घरघोड़ा में बढ़ेगी प्रशासनिक सक्रियता?
घरघोड़ा क्षेत्र खनन एवं औद्योगिक गतिविधियों के कारण रायगढ़ जिले के महत्वपूर्ण अनुविभागों में शामिल है। ऐसे में नए एसडीएम के सामने ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण, भूमि एवं मुआवजा प्रकरणों, पुनर्वास, कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रशासनिक समन्वय और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
अब देखने वाली बात होगी कि युवा आईएएस अधिकारी क्षितिज गुरभेले के नेतृत्व में घरघोड़ा अनुविभाग के प्रशासनिक कामकाज में किस तरह की नई कार्यशैली और तेजी देखने को मिलती है।
विशेषकर घरघोड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों और खनन परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों की नजर अब नए एसडीएम की कार्यप्रणाली पर रहेगी।
