भटगांव। नशे का कारोबार करने वालों को शायद यह भरोसा था कि एक्टिवा की सीट के नीचे और बैग में गांजा छिपाकर वे आसानी से पुलिस की नजरों से बच निकलेंगे। लेकिन उनकी यह चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी। भटगांव पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए करीब 9.295 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक और एक महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) विजय ठाकुर के निर्देशन में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में 3 अगस्त 2026 को थाना के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरसीवां की ओर से एक एक्टिवा क्रमांक CG-12-BV-7563 में एक युवक और एक महिला गांजा लेकर कोरबा की ओर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने सड़क पर स्टॉपर लगाकर घेराबंदी की और संदिग्ध एक्टिवा को रोक लिया। पूछताछ के दौरान चालक विजय कुमार पालकर (26 वर्ष) निवासी ग्राम पहरिया, जिला जांजगीर-चांपा (हाल मुकाम सीतामणी, कोरबा) तथा पीछे बैठी रंजीता दुबे (38 वर्ष) निवासी प्रगति नगर, दर्री, जिला कोरबा सामान के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पुलिस ने नियमानुसार दोनों की सहमति से तलाशी ली। जांच के दौरान एक्टिवा की सीट के नीचे दो पैकेट और महिला के बैग से तीन पैकेट बरामद हुए। खोलकर देखने पर इनमें कुल 9.295 किलोग्राम गांजा मिला। पूछताछ में रंजीता दुबे ने गांजा अपना होना स्वीकार करते हुए बताया कि इसे पदमपुर से खरीदकर लाया जा रहा था।
पुलिस ने गांजे के अलावा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा, दो मोबाइल फोन और नकद राशि जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
व्यंग्य यही है कि तस्करों ने शायद सोचा था कि सीट के नीचे छिपा सामान पुलिस की नजर से भी छिप जाएगा, लेकिन भटगांव पुलिस ने साबित कर दिया कि कानून के हाथ ही नहीं, नजर भी काफी लंबी होती है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी, सहायक उपनिरीक्षक बलीराम निराला, प्रधान आरक्षक नवीन ठाकुर, आरक्षक श्रवण बरिहा, राजेंद्र चंद्रा, शशि खूंटे, राहुल खूंटे, महिला आरक्षक रीना बघेल, मोहन कुमारी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
