रायगढ़, 8 अगस्त 2026। औद्योगिक नगरी रायगढ़ में कार्यस्थल सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। सिंघल स्टील एंड पावर लिमिटेड में कार्यालय उप संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के तत्वावधान में “Safe Induction Furnace Operation” विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के करीब 20 कारखानों के प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य इंडक्शन फर्नेस के संचालन के दौरान संभावित जोखिमों को कम करना और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मानक एवं सुरक्षित कार्य पद्धतियों को बढ़ावा देना रहा।

प्रेजेंटेशन और पैनल डिस्कशन से हुई गहन चर्चा
कार्यशाला के दौरान प्रेजेंटेशन एवं पैनल डिस्कशन के माध्यम से इंडक्शन फर्नेस के सुरक्षित संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। फर्नेस संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर सिंघल स्टील के सेफ्टी हेड श्री चौहान एवं उनकी टीम द्वारा सुरक्षित फर्नेस संचालन को लेकर मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की विस्तृत प्रस्तुति दी गई। टीम ने फर्नेस संचालन से जुड़े जोखिमों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी प्रतिभागियों के साथ साझा की।
‘सुरक्षा केवल नियम नहीं, कार्य संस्कृति का हिस्सा बने’
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सिंघल स्टील एंड पावर लिमिटेड के जनरल मैनेजर श्री गिरेंद्र मिश्रा ने फर्नेस के सुरक्षित संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सुरक्षित कार्य पद्धति को केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रखते हुए उसे दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाया जाना जरूरी है।
कार्यशाला में प्रतिभागियों ने इंडक्शन फर्नेस संचालन से जुड़े विषयों पर चर्चा की और अपने अनुभव भी साझा किए। पैनल डिस्कशन के माध्यम से सामने आए व्यावहारिक सुझावों को औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।
औद्योगिक क्षेत्र में लगातार बढ़ती गतिविधियों के बीच इस तरह की कार्यशालाएं दुर्घटनाओं की रोकथाम, श्रमिकों की सुरक्षा और सुरक्षित उत्पादन व्यवस्था विकसित करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
