रायगढ़। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य और विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने की, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एसडीएम महेश शर्मा, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, नगर निगम, विद्युत विभाग और आयोजन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।

रथ यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष योजना तैयार की गई है। गांजा चौक से चांदनी चौक, केवड़ा बाड़ी बस स्टैंड से चांदनी चौक, बाघ तालाब से चांदनी चौक और पैलेस रोड से चांदनी चौक तक दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों की आवाजाही सुगम बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी।

प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री हटाने, ढीले बिजली तारों की मरम्मत और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल टैंकर लगाए जाएंगे, जबकि राजा महल के पास एंबुलेंस तैनात रहेगी। पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग भी जारी रहेगी।
इस वर्ष भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक रंगों से भी सराबोर नजर आएगी। आयोजन समिति ने बताया कि भजन मंडलियों के साथ आर्केस्ट्रा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी। वहीं, सोनारपारा में आयोजित भंडारे के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बैठक के अंत में जिला और पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि रथ यात्रा को सफल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। आयोजन समिति ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

