कवर्धा। शहर के मिनीमाता चौक के पास एक फल दुकान में कुर्सी टूटने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। आरोप है कि दुकान संचालिका और उसके पति ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रेंगाखार निवासी दिनेश बाचकर के बड़े भाई शिवकुमार बाचकर 15 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 बजे कवर्धा आए थे। बताया गया है कि मिनीमाता चौक स्थित एक फल दुकान में वे कुछ देर बैठने के लिए कुर्सी पर बैठे थे। इसी दौरान कुर्सी टूट गई। आरोप है कि कुर्सी टूटने की बात को लेकर दुकान संचालिका अनीषा गुप्ता और उनके पति अनिल गुप्ता उर्फ पप्पू ने शिवकुमार के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिरा दिया।
आवेदन में बताया गया है कि घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल शिवकुमार को जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी कराई गई।
परिजनों ने थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
घटना के बाद मृतक के भाई दिनेश बाचकर ने 16 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली कवर्धा में लिखित आवेदन सौंपकर दुकान संचालिका अनीषा गुप्ता और उनके पति अनिल गुप्ता उर्फ पप्पू के खिलाफ मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले में कई सवाल, पुलिस जांच से सामने आएगा सच
एक मामूली विवाद के बाद आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी कि एक व्यक्ति की जान चली गई? क्या वास्तव में मारपीट के कारण ही मौत हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है? इन तमाम सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल परिजनों के आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। मामले में निष्पक्ष जांच कर वास्तविक घटनाक्रम सामने लाना और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई करना जरूरी है।
