मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले– जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता; राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा– जनजातीय समाज का सशक्तिकरण ही विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला
धरमजयगढ़ (रायगढ़), 15 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन हुआ। हजारों की संख्या में जुटे जनजातीय समाज के लोगों की मौजूदगी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। पारंपरिक वेशभूषा, तीर-धनुष, जनजातीय वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पूरा मैदान जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और गौरव के रंग में रंगा नजर आया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण और प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों ने जिस स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
बिरसा मुंडा का बलिदान आज भी अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान की अद्वितीय मिसाल है। मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध जनजातीय समाज को एकजुट कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भी वीर जनजातीय नायकों के बलिदान से गौरवान्वित है। शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गेंद सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष कर देश की आजादी की लड़ाई में अमिट छाप छोड़ी। मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी से इन महान नायकों के इतिहास और योगदान को जानने का आह्वान करते हुए नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन करने की अपील की।
6,691 गांवों तक पहुंचेंगी विकास की सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने जनजातीय विकास की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से भी कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का लगभग 40 प्रतिशत लाभ जनजातीय समाज तक पहुंच रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 30 प्रतिशत लाभार्थी जनजातीय समाज से हैं।
तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा करने, चरण पादुका योजना दोबारा शुरू करने तथा जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए अखरा और देवगुड़ी विकास जैसे कदमों की भी जानकारी दी। अखरा विकास के प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। पारंपरिक मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों की वार्षिक सम्मान राशि भी बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है।
किसानों के लिए बड़ा ऐलान, कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी सहायता
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि अब निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।
कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विशेषकर कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया गया है, जिसके बाद प्रदेश में केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खेती को लाभकारी बनाना है।
नितिन नवीन का संदेश: जनजातीय समाज का सम्मान विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की धरती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देना विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला है।
नितिन नवीन ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उन महान जननायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने अपनी संस्कृति, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए जीवन समर्पित कर दिया। भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, तिलका मांझी, टंट्या भील और अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान देश कभी नहीं भुला सकता।
उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की जनजातीय परंपरा आज पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है।
पद्मश्री विभूतियों का सम्मान, पारंपरिक संस्कृति को मिला मंच
समारोह में मुख्यमंत्री ने जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी को सम्मानित किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों एवं जनजातीय कला-संस्कृति से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और जनजातीय जीवनशैली की झलक भी देखने को मिली। पारंपरिक प्रमुखों का सम्मान करने के साथ मांझी-चालकी व्यवस्था के पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरित की गई। विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह एवं लक्ष्मी वर्मा, सांसद भोजराज नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनजातीय समाज के प्रमुख और हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
धरमजयगढ़ का यह आयोजन केवल एक सरकारी समारोह नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के इतिहास, अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान को सम्मान देने का बड़ा मंच बनकर सामने आया। भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए समारोह ने यह संदेश दिया कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी पहचान, परंपरा और अधिकारों के सम्मान के बिना अधूरी है।
