घरघोड़ा। गरीब परिवारों के लिए अपना पक्का घर किसी सपने से कम नहीं होता। वर्षों से कच्चे मकान और सीमित संसाधनों के बीच जीवन गुजार रहे परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना उम्मीद की एक नई किरण बनकर सामने आई है। घरघोड़ा में इसी योजना के तहत 12 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
पार्षद एवं युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष भोलू उराँव ने हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। स्वीकृति पत्र हाथ में आते ही हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। अब इन परिवारों को अपने पक्के आशियाने के सपने के पूरा होने की उम्मीद जगी है।
12 परिवारों को मिली आवास की उम्मीद
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र पाने वाले हितग्राहियों में रीमा लहरे, रामदयाल उराँव, ज्योतिष टोप्पो, विश्वनाथ निषाद, धनमती उराँव, सावंत लहरे, गणेश उराँव, चनेशमती उराँव, दिनेश उराँव, अघन उराँव, बादल खूंटे एवं पदमा निषाद शामिल हैं।
“हर पात्र परिवार तक पहुंचे योजना का लाभ”
पार्षद भोलू उराँव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराना है। क्षेत्र में जो भी पात्र परिवार अभी तक आवास योजना के लाभ से वंचित हैं, उन्हें योजना से जोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
स्वीकृति पत्र मिलने के बाद हितग्राहियों ने खुशी जताते हुए कहा कि पक्के घर की उम्मीद उनके परिवार के लिए केवल मकान नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की शुरुआत है।
स्थानीय स्तर पर आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को मिल रही सहायता को लेकर लोगों में भी उम्मीद बढ़ी है कि आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य पात्र परिवारों को भी इस योजना का लाभ मिल सकेगा।
