
रायपुर, 23 सितम्बर 2026। नव प्रवेशित विद्यार्थियों के ‘दीक्षारम्भ’ कार्यक्रम में वरिष्ठ संपादक डॉ हिमांशु द्विवेदी ने वर्तमान पत्रकारिता के स्वरूप, उसकी चुनौतियों और युवा पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। अध्यक्षता कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने की।
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि एक पत्रकार के जीवन में उसकी आखिरी स्टोरी और उसकी भाषा ही सबसे महत्वपूर्ण होती है। खबर हमेशा तथ्यात्मक और सही होनी चाहिए। आज के दौर में पत्रकारिता पर अर्थशास्त्र के सिद्धांत हावी हो रहे हैं, जिसके कारण यह अपने मूल उद्देश्यों से भटक रही है। अखबारों पर कई तरह के प्रश्न खड़े हो रहे हैं, ऐसे में आज की युवा पीढ़ी की बड़ी जिम्मेदारी है कि वे पत्रकारिता की विश्वसनीयता को बनाए रखें। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सनसनीखेज रिपोर्टिंग से दूर रहकर अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनें।
दीक्षारम्भ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ‘हरिभूमि’ के प्रधान संपादक एवं रणनीतिक विश्लेषक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि पिछले दो दशकों में पत्रकारिता में जितना बदलाव आया है, उतना इतिहास में कभी नहीं देखा गया। शुरुआती दौर में पत्रकारिता विचारों को प्रभावी बनाने और समाज के कल्याण के उद्देश्य से शुरू की गई थी, लेकिन आजादी के बाद इसका इस्तेमाल मुनाफे के लिए होने लगा।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज अखबार जनहित के बजाय केवल व्यापार का माध्यम बनकर रह गए हैं। पहले अच्छे पत्रकार को स्थापित होने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन आज स्थितियां बदल चुकी हैं। डॉ. द्विवेदी ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों से कहा कि अपनी क्षमताओं को पहचानें और खुद का आकलन करें उन्होंने विद्यार्थियों को एक प्रभावी पत्रकार बनने के लिए अध्ययनशील बनने के लिए प्रेरित किया। पढ़ाई को अपने जीवन के अनुशासन का हिस्सा बनाएं। आज के समय में पत्रकारों की विश्वसनीयता कम हुई है और संशय बढ़ा है। इसलिए जल्दबाजी में खबर देने से पहले उसकी सत्यता परखना आवश्यक है।
कार्यक्रम में पत्रकारिता विभागाध्यक्ष पंकज नयन पांडेय ने स्वागत भाषण दिया। मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु द्विवेदी का परिचय तारिणी सोनी ने प्रस्तुत किया। मंच संचालन डॉ. केशव राठौर और आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष मांडवी ने किया। इस अवसर पर सभी प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता समेत बड़ी संख्या में नव प्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। इसमें हरिभूमि और केटीयू के मध्य मीडिया हाऊस लिकेंज व आपसी सहयोग के लिए एमओयू भी साइन किया गया।
