पंडरिया। असिस्टेंट मैनेजर/असिस्टेंट पोस्ट मास्टर की नौकरी लगाने का झांसा देकर 2 लाख 74 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में पंडरिया पुलिस ने आरोपी पंकज टंडन (31) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित को भरोसे में लेकर अलग-अलग समय पर रकम लेने के बाद फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार किशुनगढ़ निवासी नंदलाल चन्द्राकर ने 23 मई 2025 को थाना पंडरिया में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मल्दा कला, थाना हसौद, जिला सक्ती निवासी पंकज टंडन ने पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे कुल 2 लाख 74 हजार रुपये लिए। आरोपी ने नौकरी के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ग्राम सैनगुड़ा, थाना चिल्फी में ज्वाइन करने का भरोसा भी दिलाया था।
अलग-अलग समय पर लिए रुपये
विवेचना के दौरान पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने जनवरी 2024 में पीड़ित को नौकरी लगाने का झांसा देकर विश्वास में लिया। इसके बाद गूगल-पे के माध्यम से 60 हजार रुपये, 21 जून 2024 को 1 लाख 4 हजार रुपये नकद तथा 22 जुलाई 2024 को ग्राम कापादाह में 1 लाख 10 हजार रुपये नकद लिए।
आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर पीड़ित को सौंपा था। पूछताछ में उसने बताया कि ठगी से प्राप्त रकम का उपयोग उसने अपने निजी खर्च में कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नौकरी के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल किए गए लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल और सिम को नष्ट कर देने की बात भी बताई है।
2 हजार रुपये किए बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम में से बची 2 हजार रुपये की राशि बरामद कर गवाहों की मौजूदगी में 14 सितंबर 2026 को जब्त की। मामले में थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 94/2025 के तहत धारा 420 भादवि में अपराध दर्ज किया गया था।
सक्ती जिले में भी दर्ज है मामला
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पंकज टंडन के खिलाफ थाना मालखरौदा, जिला सक्ती में अपराध क्रमांक 279/2024 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336 एवं 3(5) में भी मामला दर्ज है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के दिशा-निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे मल्दा कला से गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक मानिक सिन्हा, आरक्षक राजू चंद्रवंशी एवं आरक्षक मोती राम चन्द्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

