घरघोड़ा/रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी श्री शंखदेव मिश्रा को लेखन, सामाजिक सरोकार और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘विश्वास-चेतना सम्मान-2025’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान विश्वास-चेतना परिषद, बलांगीर (ओडिशा) द्वारा प्रदान किया गया।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई 2026 को आयोजित सम्मान समारोह में शंखदेव मिश्रा को यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान पत्र में उन्हें एक लेखक, संगठक, समाजसेवी एवं विशिष्ट अधिवक्ता के रूप में समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने और सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन के लिए सराहा गया है।
सम्मान पत्र में उल्लेख किया गया है कि अधिवक्तृत्व उनका व्यवसाय जरूर है, लेकिन इसी के माध्यम से उनकी जनसेवा की प्रवृत्ति भी निरंतर सामने आती है। सरल स्वभाव, आत्मीयता और परोपकार की भावना के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने तथा आध्यात्मिक एवं बौद्धिक धरातल पर ‘विश्वास-चेतना एवं विश्वास-भावना’ के जागरण के लिए उनके प्रयासों की विशेष प्रशंसा की गई।
घरघोड़ा के लिए गौरव का क्षण
शंखदेव मिश्रा को ओडिशा के बलांगीर में मिला यह सम्मान घरघोड़ा और रायगढ़ जिले के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है। सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर समाजसेवा और सकारात्मक सामाजिक चेतना के लिए निरंतर कार्य करने वालों का सम्मान नई पीढ़ी को भी प्रेरणा देता है।
विश्वास-चेतना परिषद, बलांगीर की ओर से जारी सम्मान पत्र में उन्हें निरामय दीर्घजीवन एवं उत्तरोत्तर आध्यात्मिक उन्नयन की शुभकामनाएं भी दी गई हैं।
शंखदेव मिश्रा की इस उपलब्धि से घरघोड़ा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और विभिन्न सामाजिक एवं नागरिक संगठनों की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
