सुदाम पुरोहित के घर में कोबरा दिखने से मचा हड़कंप, सर्प मित्र की सूझबूझ से टला संभावित खतरा
घरघोड़ा। बरौनाकुंडा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब सुदाम पुरोहित के घर की बाड़ी में एक जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। अचानक घर के पास सांप नजर आने से परिवार के सदस्य और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

मामले की जानकारी मिलते ही सर्प मित्र केशव डहरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ कोबरा का सफल रेस्क्यू किया। काफी सतर्कता के साथ किए गए इस रेस्क्यू के बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सांपों के प्रति जागरूकता और सावधानी की आवश्यकता को सामने ला दिया है। बरसात के बाद और ठंड के मौसम में भी सांप सुरक्षित आश्रय की तलाश में घरों की बाड़ियों, लकड़ियों के ढेर और अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंच सकते हैं।
सर्प मित्र की अपील: घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने अथवा खुद पकड़ने का प्रयास न करें। उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल प्रशिक्षित सर्प मित्र को सूचना दें। थोड़ी सी सावधानी इंसान और बेजुबान जीव दोनों की जान बचा सकती है।
सर्प मित्र केशव डहरिया द्वारा समय पर पहुंचकर किए गए सुरक्षित रेस्क्यू की ग्रामीणों ने सराहना की।
