सरिया। नशे के कारोबारियों को शायद लगा होगा कि कोरेक्स की बोतलों में कानून की आंखों पर भी पर्दा डाल देंगे, लेकिन इस बार उनका गणित पूरी तरह गड़बड़ा गया। सरिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ऐसी घेराबंदी की कि कोरेक्स की खेप मंजिल तक पहुंचने से पहले ही पुलिस के कब्जे में पहुंच गई।
पुलिस ने 103 नग कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त कोरेक्स सिरप, एक एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, एक आर्टिगा कार, दो मोबाइल फोन समेत ₹5,73,072 की संपत्ति जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
देवगांव में बिछा जाल, भागे लेकिन बच नहीं पाए
24 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के सोहेला क्षेत्र से एक लाल रंग की एचएफ डिलक्स (OD-17F-6421) में दो युवक बड़ी मात्रा में कोरेक्स लेकर देवगांव आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एफसीआई गोदाम के पास नाकेबंदी कर दी।
जैसे ही संदिग्ध बाइक पहुंची, पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन कानून की रफ्तार उनकी बाइक से ज्यादा तेज निकली और दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
फोनपे से भुगतान, कोरेक्स की डिलीवरी का था पूरा प्लान
पूछताछ में खुलासा हुआ कि नरेश साहू ने फोनपे के माध्यम से ₹20,000 भेजकर कोरेक्स मंगाया था। खेप को महासमुंद जिले के लोहराचट्टी क्षेत्र से खरीदकर सरिया लाया जा रहा था। पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की कड़ी जोड़ दी।
गिरफ्तार आरोपी
राजकुमार साहू (35 वर्ष), निवासी खैरा, थाना डोगरीपाली।
गणेश पटेल (24 वर्ष), निवासी बार, थाना सरिया।
नरेश साहू (31 वर्ष), निवासी कंटगपाली, थाना सरिया।
जब्ती
103 बोतल कोरेक्स सिरप – ₹23,072
हीरो HF डिलक्स मोटरसाइकिल – ₹40,000
सफेद आर्टिगा कार – ₹5,00,000
दो मोबाइल फोन – ₹10,000
कुल जब्ती – ₹5,73,072
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
व्यंग्य की बात…
कुछ लोगों को लगता है कि “कोरेक्स” सिर्फ खांसी नहीं, कमाई भी रोकता है। फर्क बस इतना है कि खांसी की दवा डॉक्टर देता है, लेकिन नशे का कारोबार पुलिस सीधे जेल की “दवा” से ठीक करती है। इस बार भी तस्करों की ‘डिलीवरी’ ग्राहक तक नहीं, सीधे अदालत तक पहुंच गई।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय तथा डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस के निर्देशन में थाना प्रभारी एन.एल. राठिया एवं उनकी टीम तथा साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में संपन्न हुई।

