घरघोड़ा। वन परिक्षेत्र घरघोड़ा के ग्राम जरकट में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगली सूअर का शिकार कर उसके मांस की कटाई कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को वन विभाग की टीम वन क्षेत्र से लगे खेतों में नियमित भ्रमण पर निकली हुई थी। इसी दौरान अधिकारियों ने ग्राम जरकट के पास दो लोगों को जंगली सूअर का शिकार करने के बाद उसका मांस काटते हुए देखा। वन अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुधराम यादव पिता मंगलूराम यादव तथा अमर साय यादव पिता रतन सिंह यादव, दोनों निवासी ग्राम जरकट, के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9 और 51 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय घरघोड़ा में पेश किया गया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों के शिकार और अवैध गतिविधियों से दूर रहें। वन्यजीवों का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है और इस तरह के अपराधों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

