रायगढ़, 17 जुलाई 2026। रायगढ़ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लैलूंगा, पुसौर, घरघोड़ा और चपले को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह सम्मान मरीजों को बेहतर उपचार, सुरक्षित प्रसव, आधुनिक जांच सुविधाओं और उत्कृष्ट स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए दिया गया है।
इस उपलब्धि में सबसे खास बात यह रही कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है।
पुसौर की इस सफलता ने न केवल रायगढ़ जिले, बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत स्वास्थ्य केंद्रों का मूल्यांकन मरीजों की देखभाल, दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन उपचार, प्रयोगशाला सुविधाएं, रिकॉर्ड प्रबंधन और मरीजों की संतुष्टि जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर किया गया। लैलूंगा, पुसौर, घरघोड़ा और चपले के स्वास्थ्य केंद्र इन सभी कसौटियों पर खरे उतरे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर का प्रमाणन हासिल किया।
मूल्यांकन के दौरान इन अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव सेवाओं, नवजात शिशु देखभाल, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और संक्रमण नियंत्रण के लिए अपनाई गई व्यवस्थाओं की विशेष सराहना की गई। साथ ही अस्पताल परिसरों में स्वच्छता, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन और मरीजों के लिए अनुकूल वातावरण को भी बेहतर पाया गया।
मरीजों को मिलेगा आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण उपचार
एनक्यूएएस प्रमाणन मिलने के बाद इन स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी मिलेगी। इस राशि का उपयोग अस्पतालों में नई सुविधाएं विकसित करने, अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने में किया जाएगा।
इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत लाई रंग
पुसौर की ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों, पैरामेडिकल कर्मचारियों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार मेहनत और समर्पण का अहम योगदान रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस सफलता पर सभी स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट सेवाएं देने की उम्मीद जताई है।
एनक्यूएएस प्रमाणन मिलने से सरकारी अस्पतालों के प्रति आम लोगों का भरोसा और मजबूत होगा। यह उपलब्धि रायगढ़ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

