
जांजगीर चाम्पा। समीपस्थ ग्राम बनारी की निवासी एवं धार्मिक एवं सामाजिक प्रवृत्ति की महिला श्रीमती सुशीला तिवारी का बुधवार, 25 फरवरी को निधन हो गया। वे 80 वर्ष की थीं। उनके निधन का समाचार मिलते ही ग्राम बनारी सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर व्याप्त हो गई।श्रीमती तिवारी ग्राम के प्रतिष्ठित नागरिक एवं सेवानिवृत्त प्रधान पाठक स्वर्गीय देव खिलावलन तिवारी की धर्मपत्नी थीं। वे इंग्लिश आचार्य के डायरेक्टर दीपक तिवारी की माता थीं। परिवार एवं समाज में वे अत्यंत सरल, मिलनसार एवं धार्मिक स्वभाव के लिए जानी जाती थीं। सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों में उनकी सक्रिय सहभागिता रहती थी, जिसके कारण क्षेत्र में उनका विशेष सम्मान था।उन्होंने अपने जीवनकाल में परिवार को संस्कारों एवं मूल्यों की मजबूत नींव प्रदान की। उनके स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से परिवार निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहा।वे अपने पीछे तीन पुत्रियों एवं एक पुत्र सहित नाती-पोतों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन से परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।उनका अंतिम संस्कार गृह ग्राम बनारी के मुक्ति धाम में विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा में परिजन, रिश्तेदार, ग्रामीणजन एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और श्रद्धांजलि अर्पित की।ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

