
रायगढ़। जिले के वरिष्ठ, अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार मनमोहन सिंह राजपूत को एक बार फिर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, रायगढ़ इकाई का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह उनका लगातार तीसरा कार्यकाल है, जो उनके मजबूत नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और पत्रकार हितों के प्रति समर्पण का प्रमाण है।

प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी की अनुशंसा पर प्रदेश संगठन ने राजपूत पर पुनः भरोसा जताते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। जैसे ही उनकी पुनर्नियुक्ति की घोषणा हुई, जिले भर के पत्रकारों में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया। साथियों ने इसे संगठन की मजबूती और निरंतरता का संकेत बताया।



मनमोहन सिंह राजपूत ने अपने पिछले कार्यकालों में पत्रकारों की समस्याओं और मांगों को प्रशासन व शासन स्तर तक मजबूती से उठाया।
पत्रकारों के मान-सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में संघ ने रायगढ़ जिले में एक सशक्त पहचान बनाई है और पत्रकारों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है सिर्फ संगठनात्मक कार्यों तक सीमित न रहकर राजपूत ने सामाजिक सरोकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसे विषयों पर भी मुखर आवाज़ उठाई।
यही कारण है कि संगठन ने सर्वसम्मति से तीसरी बार उन्हें जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है।पुनः मनोनीत होने पर मनमोहन सिंह राजपूत ने प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी सहित सभी प्रदेश व जिला पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे आगे भी पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
उनकी नियुक्ति पर जिले के वरिष्ठ पत्रकारों, संघ पदाधिकारियों और मीडिया साथियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ रायगढ़ इकाई और अधिक सशक्त होकर पत्रकार हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी ।

