📍 रायगढ़।
जिले में रफ्तार का खौफनाक मंजर सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार बाइक सीधे बिजली खंभे से जा भिड़ी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, लैलूंगा थाना क्षेत्र के रूडूकेला निवासी कृष्णा चौहान गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अपने दोस्त खगेश्वर भगत के साथ बाइक लेकर घर से निकला था। दोनों पोतरा रोड की ओर जा रहे थे।
🚨 अचानक बिगड़ा संतुलन, हुआ भीषण हादसा
मोहरलाल भगत के घर के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार बाइक चला रहे कृष्णा ने नियंत्रण खो दिया और बाइक सीधे बिजली खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
🏥 अस्पताल में तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल लैलूंगा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट के चलते कृष्णा चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं खगेश्वर भगत की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
👮 पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।
⚠️ रफ्तार बनी मौत की वजह
यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार सिर्फ रोमांच नहीं, बल्कि जानलेवा साबित हो सकती है। ज़रा सी लापरवाही, और पूरा परिवार जिंदगीभर के लिए सदमे में डूब जाता है।
