श्याम बिहारी जायसवाल के जन्मदिन पर NEET UG काउंसलिंग में कथित घोटाले के खिलाफ छात्रों का हल्लाबोल, विकास जैन मित्तल के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के जन्मदिन के दिन ही NEET UG 2026 राज्य काउंसलिंग में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आक्रोश सामने आया। विकास जैन मित्तल के नेतृत्व में छात्रों ने काउंसलिंग प्रक्रिया में निवास प्रमाण-पत्र, राज्य कोटा एवं दस्तावेज सत्यापन को लेकर उठ रही शिकायतों के खिलाफ आंदोलन का प्रयास किया।
छात्रों का आरोप है कि छत्तीसगढ़ राज्य कोटे में कुछ ऐसे अभ्यर्थियों को भी सीट आवंटित होने की शिकायत सामने आई है, जिनकी राज्य पात्रता एवं निवास संबंधी दस्तावेजों का पुनः सत्यापन आवश्यक है। इसी मुद्दे को लेकर छात्र निष्पक्ष जांच और दोष पाए जाने पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विकास जैन मित्तल के नेतृत्व में छात्र निर्धारित स्थल पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के लिए पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारियों के अनुसार पुलिस ने उन्हें वहां आंदोलन करने से रोक दिया। इसके बाद छात्रों ने कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, रायपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी पांच प्रमुख मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
छात्रों की प्रमुख मांगों में NEET UG 2026 छत्तीसगढ़ राज्य काउंसलिंग को तत्काल निरस्त करना, सभी अभ्यर्थियों के निवास एवं पात्रता दस्तावेजों का पुनः सत्यापन, कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई शामिल है।
छात्रों ने प्रशासन को तीन दिवस की समय-सीमा दी है। विकास जैन मित्तल ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस विषय में अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्पष्ट और ठोस कार्रवाई आवश्यक है। छात्रों का कहना है कि यदि तीन दिवस में कार्रवाई शुरू नहीं होती है तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाया जाएगा।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का जन्मदिन 1 अक्टूबर को है। इसी दिन NEET UG काउंसलिंग को लेकर छात्रों द्वारा प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखना इस पूरे मामले को चर्चा में ले आया है।
अब छात्रों की नजर शासन-प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर है।
