बलौदाबाजार, 03 नवंबर 2026।

जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार लाने एवं सरकारी अस्पतालों को बचाने की मांग को लेकर आज बहुजन समाज पार्टी जिला इकाई बलौदाबाजार-भाटापारा, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय का विशाल घेराव एवं प्रदर्शन किया गया।
इस आंदोलन में हजारों की संख्या में आमजन, पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक शामिल हुए। सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम जनता को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उमड़ा जनसैलाब इस बात का स्पष्ट संदेश दे रहा था कि जिले की जनता अब स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था और कथित लापरवाही को बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है।
आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने गगनभेदी नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद की। पूरा शहर **“सीएमएचओ हटाओ, सरकारी अस्पताल बचाओ”** और **“अच्छा सुविधा पाइये, सीएमएचओ को हटाइये”** जैसे नारों से गूंज उठा।
बहुजन समाज पार्टी का कहना है कि जिले के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। मरीजों को समय पर उचित उपचार नहीं मिलना, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही की शिकायतें तथा शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किया जाना आमजन के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पताल गरीब, मजदूर, किसान और आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवा का सबसे बड़ा सहारा हैं। जनता के टैक्स से संचालित सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय यदि लापरवाही और अव्यवस्था को संरक्षण मिलता है, तो इसका सबसे अधिक खामियाजा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भुगतना पड़ता है।
बहुजन समाज पार्टी ने मांग की कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, लापरवाह अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई हो तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पद से हटाया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके
