रायपुर। बहुजन समाज पार्टी छत्तीसगढ़ की प्रदेश मासिक बैठक 10 सितंबर 2026 को विमतारा भवन, शंकर नगर रायपुर में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश कमेटी, जोन प्रभारी, जिला कमेटी, विधानसभा कमेटी एवं बी.वी.एफ. के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।




बैठक में संगठन को मजबूत करने तथा आगामी पार्टी गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि मा. इंजी. रामजी गौतम जी ने दमदार नारों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भर दिया। उनके नारों के साथ पूरा सभागार गूंज उठा और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था।
उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की विचारधारा को सर्वश्रेष्ठ विचारधारा बताते हुए कार्यकर्ताओं को मिशन के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बहन कुमारी मायावती जी को देश की सर्वश्रेष्ठ नेताओं में से एक बताते हुए उनके नेतृत्व में बहुजन समाज के हितों के लिए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक की अध्यक्षता बसपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष मा. श्याम टण्डन जी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मा. दाऊराम रत्नाकर जी, स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक तथा मा. हेमंत पोयाम जी, स्टेट कोऑर्डिनेटर उपस्थित रहे।


बैठक में 09 अक्टूबर 2026 को मान्यवर साहब कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम एवं आगामी पार्टी गतिविधियों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। प्रदेश नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
