27 नवंबर को बिलासपुर में होगा छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का प्रादेशिक सम्मेलन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि
रायगढ़। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक सम्मेलन में शामिल होने के लिए रायगढ़ जिले की पूरी टीम जिला अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत के नेतृत्व में बिलासपुर पहुंचेगी। 27 नवंबर 2026, शुक्रवार को बिलासपुर स्थित लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन को लेकर रायगढ़ जिले के पत्रकारों में उत्साह देखा जा रहा है।
जिला अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत ने बताया कि रायगढ़ जिले के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य इस प्रादेशिक सम्मेलन में एकजुट होकर सहभागिता करेंगे। उनके नेतृत्व में जिले की पूरी टीम सम्मेलन में शामिल होकर संगठन की एकजुटता और मजबूती का परिचय देगी। उन्होंने जिले के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से सम्मेलन में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रादेशिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरविंद अवस्थी करेंगे।
वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री अमर अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक श्री अटल श्रीवास्तव, विधायक श्री सुशांत शुक्ला तथा बिलासपुर महापौर श्रीमती पूजा विधानी की उपस्थिति रहेगी।
सम्मेलन का शुभारंभ 27 नवंबर को सुबह 11 बजे से होगा। इसमें प्रदेशभर के पत्रकारों की सहभागिता रहेगी। पत्रकारों के अधिकार, संगठनात्मक मजबूती, आपसी समन्वय और पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद का अवसर मिलेगा।
जिला अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत के नेतृत्व में रायगढ़ जिले की पूरी टीम की सहभागिता इस सम्मेलन में जिले की संगठनात्मक एकजुटता को प्रदर्शित करेगी।
