छर्राटांगर, घरघोड़ा, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, छर्राटांगर में संकुल स्तरीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक उत्सव ‘उद्भव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उत्सव का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति, लोककला, संगीत, नृत्य एवं साहित्य को प्रोत्साहित करना तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री राधेश्याम राठिया जी, लोकसभा सांसद रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्रीमती अंबिका मुकेश राठिया जी (B.D.C.), श्रीमती सुखमती राठिया जी (सरपंच, छर्राटांगर), श्री घनश्याम राठिया जी, श्री महेंद्र कुमार टंडन जी (प्राचार्य, EMRS बोहरिंग), श्री विपिन सिंह जी (TGT SST, EMRS बोहरिंग) तथा श्रीमती स्वाति साधु खान जी (TGT English, EMRS बोहरिंग), उपसरपंच छर्राटांगर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना से किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं सम्मान के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, लोककला एवं प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाने वाले राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने Tribal Instrumental Music (Junior Group) की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसमें जनजातीय संगीत और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी अभिनय प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। ऑर्केस्ट्रा की शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में संगीत की विविधता और उत्साह का रंग भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता एवं आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित किया।
‘उद्भव 2026’ का यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने, जनजातीय विरासत को संजोने और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।
