
सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में लगातार प्रयासविशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से उपचार हुआ सरल और सुलभभर्ती सुविधा जल्द, श्रमिकों को मिलेगा स्थानीय स्तर पर इलाजपेयजल, विद्युत एवं परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने कलेक्टर ने दिए निर्देश
रायगढ़, 27 मार्च 2026
औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ईएसआईसी अस्पताल रायगढ़ में सेवाओं का लगातार सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।
कलेक्टर के निर्देशन पर जिला प्रशासन एवं कर्मचारी राज्य बीमा निगम के समन्वित प्रयासों से अब श्रमिकों को पहले की तुलना में अधिक प्रभावी एवं त्वरित उपचार सुविधा मिल रही है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कलेक्ट्रेट चेम्बर में अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सेवाओं के और विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया। उन्होंने अस्पताल को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करते हुए श्रमिकों को अधिकतम स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अपशिष्ट प्रबंधन, चिकित्सक एवं स्टाफ सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने अस्पताल में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा परिवहन सुविधा को सुदृढ़ करते हुए बस सेवाओं के विस्तार पर जोर दिया, ताकि श्रमिकों की पहुंच और अधिक सुगम हो सके। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बता दे कि पतरापाली स्थित 100 बिस्तरों वाला यह अस्पताल बीमित श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।
वर्तमान में अस्पताल में 15 चिकित्सक एवं आवश्यक तकनीकी स्टाफ कार्यरत हैं, जिससे उपचार व्यवस्था मजबूत हुई है। अस्पताल में शीघ्र ही भर्ती सुविधा प्रारंभ किए जाने की तैयारी है, जिससे गंभीर रोगों के उपचार के लिए श्रमिकों को अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
अस्पताल परिसर में स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपशिष्ट प्रबंधन की बेहतर प्रणाली विकसित की जा रही है तथा मरीजों एवं चिकित्सकीय स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। अस्पताल में प्रयोगशाला सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं तथा ऑपरेशन कक्ष सहित अन्य आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्यों के लिए स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
जल निकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि विभाग द्वारा जिले के सभी उद्योगों के लिए रोस्टर जारी किया गया है, जिसके अंतर्गत क्रमानुसार कारखाना प्रबन्धन श्रमिकों को उत्तम स्वास्थ लाभ हेतु जाँच के लिए ईएसआईसी हॉस्पिटल ले कर आएगा।
साथ ही बीमित श्रमिक स्वयं अपने परिवार के सदस्यों के साथ जाँच के लिए ईएसआईसी हॉस्पिटल जा सकते है। विभाग द्वारा श्रमिकों को योजना का लाभ लेने के लिए निरंतर जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम की योजना संगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था है, जिसके अंतर्गत उन्हें निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, आर्थिक सहायता, मातृत्व लाभ, दुर्घटना मुआवजा एवं पेंशन जैसी सुविधाएं प्राप्त होती हैं।
इस योजना में कर्मचारी एवं नियोक्ता दोनों द्वारा अंशदान किया जाता है, जिससे श्रमिकों को व्यापक सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा मिलती है।
निर्धारित सीमा तक वेतन पाने वाले कर्मचारियों का पंजीयन नियोक्ता के माध्यम से किया जाता है तथा पंजीयन के उपरांत उन्हें बीमित व्यक्ति पहचान संख्या प्रदान की जाती है। सभी पात्र श्रमिक इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य को सुरक्षित रखें।
