
सीएससी प्रमुख की उपस्थिति में एसएचजी, बैंक

सखी एवं व्हीएलई की बैठक संपन्न
सीएससी सेवाओं के विस्तार पर दिया गया जोर
बलरामपुर, 22 जनवरी 2026/
जिला पंचायत के सभाकक्ष में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के तत्वावधान में एक एक दिवसीय एसएचजी, बैंक सखी एवं सीएससी वीएलई का बैठक सीएससी राज्य प्रमुख श्री जयनारायण पटेल की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
बैठक का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर टेली लॉ योजना, के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सीएससी सेवाओं की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ करना था।बैठक में जिले के अंतर्गत कार्यरत सभी सीएससी व्हीएलई, बैंकिंग करेस्पॉन्उेंट एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम में राज्य प्रमुख श्री जयनारायण पटेल ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि टेली लॉ योजना भारत सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से समाज के गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सलाह उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने सभी सीएससी वीएलई को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक हितग्राहियों को टेली लॉ योजना के बारे में जानकारी दें, पात्र लाभार्थियों का पंजीयन कराकर लोगों को इस सेवा का अधिकतम लाभ दें।
उन्होंने बताया कि भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, श्रम संबंधी समस्याएं, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य कानूनी विषयों में टेली लॉ के माध्यम से विशेषज्ञ वकीलों से परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। इससे ग्रामीण नागरिकों को समय और धन की बचत के साथ-साथ न्याय तक सुलभ पहुंच मिलती है।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्हीएलई अपने क्षेत्र में लक्ष्य आधारित पंजीयन सुनिश्चित करें, ताकि जिले में टेली लॉ योजना की पहुंच व्यापक स्तर पर हो सके।
इस दौरान बीसी सखी एवं स्व-सहायता समूह के सदस्यों को भी इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया। बैठक में सीएससी की अन्य प्रमुख सेवाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई, जिसमें आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, श्रम कार्ड, पेंशन योजनाएं, बैंकिंग सेवाएं, बीमा, डिजिटल प्रमाण पत्र, एवं अन्य ई-गवर्नेंस सेवाएं शामिल हैं।
बीमा, टूर एंड ट्रैवल, टेली लॉ एवं ग्रामीण ई-स्टोर
सेवाओं की जानकारी
बैठक के दौरान राज्य स्तर से विभिन्न सेवाओं के लिए नोडल संपर्क व्यक्तियों की जानकारी भी साझा की गई, ताकि व्हीएलई को सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की समस्या न हो।
उन्होंने राज्य स्तर से बीमा सेवा के लिए श्री प्रदीप कुमार (7587038683), टूर एंड ट्रैवल सेवा हेतु श्री राहुल सोनी (9755639585), टेली लॉ सेवा हेतु श्री राहुल वर्मा (8770551382), ग्रामीण ई-स्टोर सेवाएं हेतु श्री पुष्पेंद्र वर्मा (7987121676) संपर्क नंबर भी साझा किया गया, जिसके माध्यम से व्हीएलई बीमा पॉलिसी, यात्रा सेवाएं, कानूनी परामर्श एवं ग्रामीण ई-कॉमर्स से जुड़ी सेवाओं का बेहतर संचालन कर सकेंगे तथा ग्रामीण नागरिकों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध करा पाएंगे।
बैठक में बीसी सखी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए उन्हें वित्तीय साक्षरता, डिजिटल लेन-देन एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान व्हीएलई द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए एवं जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई।
सीएससी टीम द्वारा समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस दौरान उपस्थित सभी से समन्वय, पारदर्शिता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए सीएससी सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने अपील भी की गई।
