रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के कॉमेडी किंग अमलेश नागेश और चॉकलेटी बॉय मन कुरैशी की लोकप्रिय जोड़ी करीब तीन साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार है। नीलजय फिल्म्स के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘तोर मयारू मोर मयारू’ का ट्रेलर 22 अगस्त को भव्य समारोह में लॉन्च किया गया।



ट्रेलर लॉन्च समारोह में सतीश जैन, अनुज शर्मा, मनोज वर्मा, योगेश अग्रवाल, राज वर्मा, मोहित साहू और पवन सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। ट्रेलर में रोमांस, कॉमेडी और पारिवारिक भावनाओं की ऐसी झलक देखने को मिली, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
देसी अंदाज में प्रेम, कॉमेडी और नई पीढ़ी का तड़का
‘तोर मयारू मोर मयारू’ छत्तीसगढ़ की सोंधी मिट्टी, यहां के निश्छल प्रेम और देसी अंदाज की हाजिरजवाबी को पर्दे पर जीवंत करती नजर आएगी। फिल्म में लोकगीतों और पुरानी परंपराओं के साथ सोशल मीडिया के जुनून तथा नई पीढ़ी के ‘यो’ स्टाइल का दिलचस्प संगम देखने को मिलेगा।
देसी जुगाड़, रिश्तों की मिठास और किरदारों के बीच होने वाली नोकझोंक फिल्म को मनोरंजन से भरपूर बनाती है। यही वजह है कि ट्रेलर लॉन्च के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
सात गीतों से सजेगी फिल्म
फिल्म में कुल सात मनमोहक गीत हैं, जिन्हें अनुराग शर्मा, अल्का चंद्राकर और अनुपमा मिश्रा जैसे सुरीले गायकों ने अपनी आवाज दी है। फिल्म का संगीत नवलदास मानिकपुरी, अनुराग शर्मा और परवेज खान ने तैयार किया है।
प्रसिद्ध फिल्ममेकर मनीष मानिकपुरी फिल्म को प्रस्तुत कर रहे हैं।
दिग्गज कलाकार भी आएंगे नजर
फिल्म में अमलेश नागेश और मन कुरैशी के साथ संजय महानंद, सतीश जैन, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, रजनीश झांझी, प्रदीप शर्मा, हेमलाल कौशल, अंजलि चौहान और क्रांति दीक्षित जैसे अनुभवी कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म के निर्माता प्रणय गर्ग और को-प्रोड्यूसर निशेष त्रिपाठी हैं। निर्देशन की जिम्मेदारी राहुल प्रताप सिंह ने संभाली है, जबकि सिनेमैटोग्राफी विद्या नाथ भारती की है।
परिवार के साथ मनोरंजन का पूरा पैकेज
‘तोर मयारू मोर मयारू’ को पारिवारिक मनोरंजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। फिल्म में कॉमेडी, रोमांस और भावनाओं का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को शुरुआत से लेकर अंत तक बांधे रखने का दावा करता है।
अमलेश नागेश और मन कुरैशी की हिट जोड़ी की तीन साल बाद वापसी ने फिल्म की उम्मीदों को और बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि बड़े पर्दे पर यह जोड़ी दर्शकों के दिलों में एक बार फिर कितना रंग जमाती है।
