एड. संतोष मारकंडे बोले – गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा पर पड़ सकता है प्रतिकूल प्रभाव, निर्णय वापस नहीं लेने पर जनआंदोलन की चेतावनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के 207 सरकारी स्कूलों को पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत निजी संस्थाओं को लीज पर सौंपने के प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक विरोध शुरू हो गया है। बहुजन समाज पार्टी ने सरकार के इस प्रस्ताव की कड़ी निंदा करते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
इस संबंध में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रायपुर, एडवोकेट संतोष मारकंडे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों को पीपीपी मॉडल के नाम पर निजी संस्थाओं को लीज और ठेके पर सौंपने का प्रस्ताव लेकर आई है, जिसका बहुजन समाज पार्टी पुरजोर विरोध करती है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर राज्य सरकार को ऐसी क्या आवश्यकता पड़ गई है कि सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं के हवाले करने की नौबत आ गई? सरकार को इस प्रस्ताव के पीछे की वास्तविक आवश्यकता और उद्देश्य प्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए।
एड. मारकंडे ने कहा कि सरकारी स्कूलों में छत्तीसगढ़ के गरीब, किसान, मजदूर और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं। विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राएं सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर हैं। ऐसे में सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं को सौंपने से इन वर्गों के बच्चों की शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
उन्होंने यह भी चिंता जताई कि इस व्यवस्था से प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। विशेषकर बीएड एवं डीएड जैसी शैक्षणिक योग्यता प्राप्त कर शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य पर भी इसका असर पड़ने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की जमीन, भवन और बुनियादी सुविधाओं का निर्माण जनता के टैक्स के पैसे से हुआ है। ऐसे सार्वजनिक संसाधनों को 30 से 40 वर्षों तक निजी संस्थाओं को लीज पर सौंपना उचित नहीं है। सरकार को इस निर्णय के सामाजिक, शैक्षणिक और रोजगार संबंधी परिणामों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
सरकार तत्काल वापस ले प्रस्ताव, अन्यथा होगा जनआंदोलन
एडवोकेट संतोष मारकंडे ने राज्य सरकार से मांग की है कि 207 सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं को लीज पर देने संबंधी प्रस्ताव को तत्काल वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस निर्णय को वापस नहीं लेती है, तो बहुजन समाज पार्टी प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
जारीकर्ता: एड. संतोष मारकंडे
पूर्व जिला अध्यक्ष, बहुजन समाज पार्टी, रायपुर (छत्तीसगढ़)
