समर्थन मूल्य की कतार में पुराना धान खपाने की कोशिश! कसडोल के दुकान सह गोदाम में मिलीं 350 बोरियां, लिप्ती खरीदी केंद्र में भी पकड़ा गया पुराना धान
रायगढ़। धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही अवैध भंडारण और पुराने धान को समर्थन मूल्य पर खपाने की कोशिशों पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। घरघोड़ा एसडीएम प्रवीण तिवारी के मार्गदर्शन में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने तमनार क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर जांच और कार्रवाई करते हुए 140 क्विंटल धान जब्त किया। वहीं जिले में अब तक कुल 2528 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है।
कसडोल में 350 बोरी धान, गोदाम में मिला 140 क्विंटल भंडार
ग्राम कसडोल, तहसील तमनार में युधिष्ठिर साहू के दुकान सह गोदाम की जांच के दौरान टीम को 350 बोरी धान मिला, जिसका कुल वजन लगभग 140 क्विंटल बताया गया है। मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत धान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
लिप्ती खरीदी केंद्र में 17 बोरी पुराना धान पकड़ाया
सेवा सहकारी समिति लिप्ती में ग्राम गोलाबुड़ा के किसान जितेन्द्र खुंटिया द्वारा बिक्री के लिए लाए गए 113 बोरियों की जांच की गई। इसमें 17 बोरी ग्रीष्मकालीन यानी पुराने धान की पाई गई। निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण इन बोरियों को खरीदी से बाहर कर दिया गया। पंचनामा तैयार कर धान जब्त करते हुए समिति में सुरक्षित रखवाया गया।
2528 क्विंटल जब्ती, फिर भी सवाल बरकरार!
जिले में अब तक 2528 क्विंटल धान की जब्ती बताती है कि खरीदी व्यवस्था में निगरानी की जरूरत कितनी महत्वपूर्ण है। सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में धान का अवैध भंडारण कैसे हो रहा है? सीमावर्ती रास्तों और निजी गोदामों पर निगरानी कितनी प्रभावी है?
खासकर ओडिशा से लगे क्षेत्रों में धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर रखना जरूरी है। केवल खरीदी केंद्रों पर जांच से पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं हो सकती।
असली किसान का हक न मारे कोई!
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना है, न कि पुराने धान और अवैध भंडारण के जरिए किसी को अनुचित लाभ पहुंचाना।
व्यंग्य तो यही है कि कुछ लोगों के लिए धान नया हो या पुराना, समर्थन मूल्य की कतार में हर बोरी सोना नजर आती है। लेकिन प्रशासन की जिम्मेदारी है कि किसान की मेहनत का हक किसी की चालाकी की भेंट न चढ़े।
अब देखना यह होगा कि घरघोड़ा एसडीएम प्रवीण तिवारी के मार्गदर्शन में शुरू हुई यह निगरानी पूरे धान खरीदी सीजन में कितनी निरंतर बनी रहती है और अवैध भंडारण पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।
जनता का सवाल—धान खरीदी में पारदर्शिता सिर्फ कागजों पर या वास्तव में जमीन पर भी?
