घरघोड़ा। भीम आर्मी एकता मिशन ने घरघोड़ा क्षेत्र में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई धार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। जिला प्रभारी भरत खंडेल के नेतृत्व में आयोजित ब्लॉक गठन कार्यक्रम में सर्वसम्मति से जगेश्वर कुर्रे को घरघोड़ा ब्लॉक अध्यक्ष तथा बालक दास आदिले को ब्लॉक उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नियुक्ति की घोषणा के साथ ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत एक भावुक क्षण के साथ हुई। वार्ड में वारे परिवार के एक कार्यकर्ता की माताजी के निधन पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व निर्धारित तिथि के अनुसार ब्लॉक गठन कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय दिनेश आजाद जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में महासदस्यता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान संगठन की विचारधारा, उद्देश्यों और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

जल, जंगल, जमीन और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी भरत खंडेल ने कहा कि क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन अन्याय और अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। वहीं जल, जंगल और जमीन को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। ऐसे समय में समाज के शोषित, पीड़ित, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर आवाज उठाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी एकता मिशन संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, सामाजिक समानता और न्याय के लिए संघर्षरत रहेगा।
उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करने का आह्वान किया।
दिग्गज पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुआ गठन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य माखन दास एवं बसंत लहरे रहे। वहीं जशपुर जिला प्रभारी श्रवण महेश की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायगढ़ जिला प्रभारी भरत खंडेल ने की।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष आशीष देवांगन, जिला कोषाध्यक्ष अमृत खांडे, वरिष्ठ कार्यकर्ता रवि किरण घोघरे, पूर्व जिला मीडिया प्रभारी गुलशन लहरे, जिला सचिव सूरज लहरे, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रताप जोल्हे, लैलूंगा ब्लॉक अध्यक्ष श्रवण टंडन, ब्लॉक उपाध्यक्ष अनुज जटवार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नारी शक्ति के रूप में कामिला लहरे, श्रीमती बिन्दुलता, श्रीमती राधा देवी एवं श्रीमती सुशीला बंजारे ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। पत्रकार साथी बसंत रात्रे, सुनील जोल्हे एवं अमरदीप चौहान सहित टेरम, नवागढ़, गुमड़ा, पकादरहा और घरघोड़ा ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।
नई जिम्मेदारी, नई उम्मीदें
जगेश्वर कुर्रे को ब्लॉक अध्यक्ष और बालक दास आदिले को उपाध्यक्ष बनाए जाने पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नवनियुक्त नेतृत्व से उम्मीद जताई गई कि वे संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करेंगे और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक एकता, भाईचारे और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती प्रदान करेंगे।
घरघोड़ा ब्लॉक के गठन के साथ ही क्षेत्र में भीम आर्मी एकता मिशन के संगठनात्मक विस्तार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
