आस्था। गुरुकृपा युवा कल्याण समिति के तत्वावधान में भारत भवन बोड़ला में की पहल
श्रद्धालुओं ने कन्याओं की आरती उतारी और सुख-समृद्धि की कामना की।
बोड़ला। नवरात्रि के पावन अवसर पर महाअष्टमी के दिन बोड़ला में कन्या भोज एवं पूजन का आयोजन किया गया। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित कार्यक्रम में कन्याओं को देवी दुर्गा के शक्ति स्वरूप के रूप में पूजकर सम्मान दिया गया। आयोजन में धार्मिक परंपरा के साथ बालिकाओं को शिक्षा और सम्मान का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाल कन्याओं के चरण पखारने से हुई। इसके बाद उनका श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। समिति के सदस्यों ने कन्याओं की आरती उतारी और सुख-समृद्धि की कामना की। कन्या भोज में उन्हें श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भोजन कराया गया। इसके बाद बालिकाओं को उपहार स्वरूप कॉपी-पेन भेंट किए गए।
आयोजन की इस पहल में धार्मिक आस्था के साथ शिक्षा को भी महत्व दिया गया। शैक्षणिक सामग्री देकर बालिकाओं को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। कन्या पूजन के दौरान बालिकाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ यह संदेश भी दिया गया कि उनकी शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए समाज को आगे आना चाहिए।
धार्मिक परंपरा के साथ दिया सामाजिक संदेश
समिति के सदस्यों ने बताया कि कन्या भोज और पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं है, बल्कि यह बालिकाओं के सम्मान और सशक्तीकरण का प्रतीक भी है। आयोजन के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। इससे धार्मिक आयोजन के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
