घरघोड़ा। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज, ब्लॉक घरघोड़ा, जिला रायगढ़ ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में प्रस्तावित भर्तियों को जिला स्तर के बजाय राज्य स्तर पर कराने की मांग उठाई है। समाज के प्रतिनिधियों ने माननीय राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा को ज्ञापन सौंपकर भर्ती प्रक्रिया में राज्य स्तरीय आरक्षण नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में सहायक ग्रेड-03 के 100 पद और पटवारी के 200 पदों सहित अन्य विभागों में भी विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। समाज का आरोप है कि अलग-अलग जिलों एवं संस्थाओं को भर्ती की इकाई मानकर भर्ती किए जाने से आरक्षण व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो सकते हैं।
आरक्षण के लाभ से वंचित होने की जताई आशंका
समाज ने अपने ज्ञापन में कहा कि जिला स्तर पर भर्ती किए जाने की स्थिति में 100-बिंदु आरक्षण रोस्टर के पालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं रहेगी। इससे अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को निर्धारित आरक्षण का लाभ मिलने में कठिनाई हो सकती है।
राज्य स्तरीय संवर्ग होने का दिया तर्क
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित पद राज्य स्तरीय संवर्ग से जुड़े हैं और इन पदों पर स्थानांतरण एवं पदोन्नति प्रदेश स्तर पर होती है। ऐसे में समाज का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया भी राज्य स्तर पर एकीकृत एवं केंद्रीकृत तरीके से होनी चाहिए।
समाज ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीयकृत एजेंसी के माध्यम से भर्ती कराने की मांग रखी है। साथ ही राज्यपाल से इस मामले में संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार समान अवसर मिले और आरक्षण संबंधी संवैधानिक एवं वैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित हो।
प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज, ब्लॉक घरघोड़ा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में ब्लॉक अध्यक्ष सहित समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
