रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर रायपुर के गुढ़ियारी में इस बार आस्था, रोमांच और मनोरंजन का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के विशेष सहयोग से आगामी 5 सितंबर 2026, शनिवार को गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड में 16वें वर्ष का विशाल दही हांडी उत्सव आयोजित किया जाएगा।




दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाले इस भव्य आयोजन में दही हांडी फोड़ने के लिए गोविंदा टोलियों के बीच जोरदार मुकाबला होगा। प्रतियोगिता के विजेता दल को 15 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यही वजह है कि इस बार की प्रतियोगिता को लेकर गोविंदा टोलियों में खासा उत्साह और रोमांच देखने को मिल रहा है।
महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों से पहुंचेंगी गोविंदा टोलियां
आयोजकों के मुताबिक प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा सहित अन्य राज्यों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 26 गोविंदा एवं महिला गोविंदा टोलियों का पंजीयन अब तक हो चुका है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टोलियों ने पंजीयन कराया है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है। विजेता के साथ-साथ अन्य प्रतिभागी टोलियों को भी समिति की ओर से सांत्वना राशि प्रदान की जाएगी।
बी प्राक की आवाज पर झूमेंगे युवा, लखबीर सिंह लक्खा की भक्ति से गूंजेगा गुढ़ियारी
दही हांडी उत्सव में इस बार सिर्फ मटकी फोड़ने का रोमांच ही नहीं होगा, बल्कि एक भव्य सांस्कृतिक संध्या भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
सुपरस्टार एवं यूथ फेम बी प्राक, अंतर्राष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
बी प्राक के लोकप्रिय गीतों पर जहां युवा जमकर झूमेंगे, वहीं लखबीर सिंह लक्खा की भक्ति प्रस्तुतियां पूरे वातावरण को कृष्ण भक्ति से सराबोर करेंगी। आयोजकों को उम्मीद है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्तों के साथ युवा और Gen Z भी शामिल होंगे।
पुरुष, महिला और ग्रीस युक्त खंभा दही हांडी बनेगा आकर्षण
उत्सव में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस युक्त खंभा दही हांडी प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। अलग-अलग राज्यों से पहुंचने वाली गोविंदा टोलियां अपनी टीम भावना, साहस और कौशल का प्रदर्शन करते हुए दही हांडी तक पहुंचने की कोशिश करेंगी।
सुरक्षा के लिए प्रशासन के सहयोग से विशेष इंतजाम
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए आयोजकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया है। प्रशासन के सहयोग से पुलिस व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपातकालीन स्थिति के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी समुचित इंतजाम किए जा रहे हैं।
समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से प्रतियोगिता के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि किसी टोली द्वारा अपने स्तर पर किए गए प्रयास से होने वाली व्यक्तिगत दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की स्वयं की होगी।
बसंत अग्रवाल ने किया रायपुरवासियों से भव्य आयोजन में पहुंचने का आह्वान
सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था, युवा ऊर्जा और सामाजिक एकता का उत्सव है। उन्होंने समस्त कृष्ण भक्तों, युवाओं और रायपुरवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि 5 सितंबर को गुढ़ियारी में जब हजारों लोगों की मौजूदगी में दही हांडी फूटेगी, तो पूरा वातावरण “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठेगा।
वार्ता में ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
आयोजन को लेकर आयोजित वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, हेमेंद्र साहू, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम एवं भगत अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
5 सितंबर को गुढ़ियारी में एक तरफ 15 लाख की दही हांडी के लिए गोविंदा टोलियों का दमखम देखने मिलेगा, तो दूसरी तरफ बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा की प्रस्तुतियां रायपुर की शाम को यादगार बनाएंगी।
