घरघोड़ा। देशभर के साथ घरघोड़ा में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। नगर के सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर शान से तिरंगा लहराया। ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की गूंज ने पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।




एसडीएम कार्यालय में शान से लहराया तिरंगा
राजस्व विभाग के प्रमुख कार्यालय एसडीएम कार्यालय में एसडीएम प्रवीण तिवारी ने अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। इस दौरान सभी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

तहसील परिसर में विद्यार्थियों ने बांधा समां
तहसील कार्यालय में तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद तहसील प्रांगण में एसडीएम प्रवीण तिवारी के मुख्य आतिथ्य में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के भाषण, देशभक्ति गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह भर दिया।

अपने संबोधन में एसडीएम प्रवीण तिवारी ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार सहोदर राम पैंकरा, नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय पत्रकारगण तथा पीएम श्री स्कूल घरघोड़ा के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

जनपद पंचायत से लेकर स्वास्थ्य केंद्र तक लहराया तिरंगा
जनपद पंचायत घरघोड़ा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय चौधरी की उपस्थिति में जनपद पंचायत अध्यक्ष सहनू पैंकरा ने ध्वजारोहण किया। वहीं वन परिक्षेत्र कार्यालय घरघोड़ा में उप वनमंडलाधिकारी आशुतोष मंडावा ने तिरंगा फहराया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सेत राम पैंकरा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय पर्व मनाया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
नगर पंचायत और जय स्तंभ चौक पर दिखा देशप्रेम
नगर पंचायत कार्यालय एवं जय स्तंभ चौक में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।
हर तरफ तिरंगा, हर दिल में देशभक्ति
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घरघोड़ा में सरकारी कार्यालयों से लेकर चौक-चौराहों तक तिरंगे की शान देखने को मिली। जगह-जगह हुए ध्वजारोहण कार्यक्रमों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और नगरवासी पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व में शामिल हुए।
आजादी के इस पर्व ने एक बार फिर नगरवासियों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए मिलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
