रायगढ़। जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छोटेमुड़पार (खरसिया) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यालय में कक्षा 7वीं, 8वीं, 9वीं और 11वीं (विज्ञान) की कुल 22 रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इच्छुक छात्र-छात्राएं 27 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कक्षा 7वीं में 1 सीट, 8वीं में 2 सीट, 9वीं में 1 सीट और 11वीं (विज्ञान) में 18 सीटें खाली हैं। हालांकि, आवश्यकता के अनुसार सीटों की संख्या में बदलाव भी किया जा सकता है।
प्रवेश के लिए आवेदन पत्र कार्यालय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छोटेमुड़पार (संचालित स्थान-आदिवासी बालक आश्रम, चोढ़ा) में जमा किए जाएंगे। आवेदन के साथ अंकसूची की छायाप्रति, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि कक्षा 7वीं, 8वीं और 9वीं में यदि निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो 29 जुलाई 2026 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, कक्षा 11वीं (विज्ञान) में प्रवेश कक्षा 10वीं के अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार होगा।
अभिभावकों और विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकें। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए एडमिशन इंचार्ज जवाहर लाल सिन्हा (पीजीटी हिन्दी) से मोबाइल नंबर 8839201173 पर संपर्क किया जा सकता है।

