पंडरिया। रविवार को पंडरिया क्षेत्र में देर शाम हुई झमाझम बारिश ने जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी, वहीं लोगों को कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली। देर से शाम समय पर हुई इस बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है, जिससे धान सहित अन्य् खरीफ फसलों की बुआई और रोपाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं।
हालांकि, बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने कई स्थानों पर नुकसान भी पहुंचाया। तेज हवा के कारण कई पेड़ धराशायी हो गए तथा बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। इससे कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। कई जगह सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
किसानों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद हुई यह बारिश खेती के लिए बेहद लाभदायक है और यदि आगामी दिनों में भी नियमित वर्षा होती रही तो खरीफ फसलों को अच्छा लाभ मिलेगा। वहीं आम नागरिकों ने भी भीषण गर्मी से राहत मिलने पर संतोष जताया ।

