पंडरिया। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित योजना के तहत मिलने वाली अनुदान (सब्सिडी) राशि समय पर नहीं मिलने से एक हितग्राही ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में पंडरिया के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को आवेदन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की गई है।
आवेदन के अनुसार, वार्ड क्रमांक 14, पंडरिया निवासी नरेंद्र उर्फ नन्दकिशोर तिवारी ने लगभग चार माह पूर्व बैंक से ऋण लेकर अपने घर में सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित कराई थी। उनका कहना है कि स्थापना के चार माह बाद भी शासन द्वारा देय अनुदान राशि अब तक उनके खाते में नहीं पहुंची है।
हितग्राही का आरोप है कि संबंधित एजेंसी से लगभग 50 बार संपर्क करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर शीघ्र अनुदान राशि जारी करने की मांग की है।
आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि 7 दिनों के भीतर अनुदान राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो 7 जुलाई 2026 से पंडरिया के भारत माता चौक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस आवेदन की प्रतिलिपि थाना प्रभारी पंडरिया एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका पंडरिया को भी भेजी गई है।
प्रमुख सवाल:
सौर ऊर्जा योजना के हितग्राहियों को समय पर अनुदान राशि क्यों नहीं मिल रही?
क्या संबंधित एजेंसी और विभाग के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा आम नागरिक भुगत रहे हैं?
यदि शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलेगा, तो लोगों का विश्वास कैसे कायम रहेगा?

