✴️✴️ रायपुर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं अधिवक्ता संतोष मारकंडे ने छत्तीसगढ़ की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रहे अपराधों से आम जनता, विशेषकर महिलाएं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।मारकंडे ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हत्या, लूट, चोरी, महिलाओं पर अत्याचार और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। उनका कहना है कि कानून का भय अपराधियों में दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रशासन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल रही है। यदि शासन और प्रशासन के बीच समन्वय मजबूत होता तो अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता था।बसपा नेता ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए गृह विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन प्रभावी ढंग से नहीं कर पा रहा है।
इसलिए नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए राज्य के गृह मंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।प्रेस विज्ञप्ति के अंत में संतोष मारकंडे ने राज्य सरकार से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

