
बालोद/छत्तीसगढ़:बालोद जिले के आदिवासी छात्रावास में बच्चों के साथ हो रहे कथित अत्याचार ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बोकड़े ने मौके पर पहुंचकर हालात का खुलासा किया और इसे “मानवता को शर्मसार करने वाली घटना” बताया।
बच्चों ने आरोप लगाया कि छात्रावास अधीक्षक द्वारा उन्हें लगातार गाली-गलौज और मारपीट का शिकार बनाया जा रहा था।
लंबे समय से चल रहे इस अत्याचार के खिलाफ जब आवाज उठी, तब जाकर मामला सामने आया।सूचना मिलते ही प्रशांत बोकड़े छात्रावास पहुंचे और वहां की स्थिति देखकर आक्रोशित हो उठे। बच्चों ने रोते हुए अपनी पीड़ा साझा की।
बोकड़े ने साफ शब्दों में कहा कि “यह छात्रावास नहीं, बल्कि बच्चों के लिए यातना केंद्र बन चुका है।
”उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते निगरानी होती, तो बच्चों को इस तरह की यातना नहीं झेलनी पड़ती।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपी अधीक्षक पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो युवा कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
इस घटना ने न केवल बालोद, बल्कि पूरे प्रदेश में छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है।
